PM Modi ने रोजगार मेले का किया शुभारंभ, कहा मिशन मोड में होगी भर्तियां

न्यूज डेस्क (शौर्य यादव): प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने आज (22 अक्टूबर 2022) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये 10 लाख कर्मियों के लिये भर्ती अभियान ‘रोजगार मेला’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान 75,000 नौज़वानों को नियुक्ति पत्र सौंपे गये। प्रधानमंत्री के निर्देशों के मुताबिक सभी मंत्रालय और विभाग मिशन मोड में स्वीकृत पदों पर मौजूदा रिक्तियों को भरने की दिशा में काम कर रहे हैं। देश भर से नई भर्तियां भारत सरकार के 38 मंत्रालयों/विभागों में शामिल होंगी।

नियुक्ति विभिन्न स्तरों पर सरकार में शामिल होंगे जैसे समूह-ए, समूह-बी (राजपत्रित), समूह-बी (अराजपत्रित) और समूह-सी जैसे पदों पर की जा रही है। इनमें केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक, उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक, एमटीएस और अन्य पद खासतौर से शामिल है। ये भर्तियां मंत्रालयों और विभागों द्वारा या तो स्वयं या यूपीएससी (UPSC), एसएससी और रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के जरिये जा रही हैं।

‘रोजगार मेला’ के शुभारंभ के मौके पर पीएम मोदी ने कहीं ये अहम बातें

  • आज भारत की युवा शक्ति के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, बीते 8 वर्षों में, देश में रोजगार और स्वरोजगार का, जो अभियान चल रहा है, आज उसमें एक और कड़ी जुड़ रही है,  ये कड़ी है रोजगार मेले की। 

  • सभी देशवासियों को धनतेरस (Dhanteras) की बहुत-बहुत बधाई, भगवान धनवंतरी आपको खुश रखें और मां लक्ष्मी की कृपा आप सभी पर बनी रहे। मैं भगवान से यही प्रार्थना करता हूं।

  • आज केंद्र सरकार 75 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे रही है, बीते 8 वर्षों में पहले भी लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।

  • विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए हम आत्मनिर्भर भारत के रास्ते पर चल रहे हैं।  इसमें हमारे innovators, entrepreneurs, उद्यमियों, किसानों, services और manufacturing से जुड़े साथियों की बड़ी भूमिका है।

  • आने वाले महीनों में इसी तरह लाखों युवाओं को भारत सरकार द्वारा समय-समय पर नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। आज अगर केंद्र सरकार (Central government) के विभागों में इतनी तत्परता, इतनी efficiency आई है, इसके पीछे 7-8 साल की कड़ी मेहनत है, कर्मयोगियों का विराट संकल्प है।

  • आज भारत दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। 7-8 साल के भीतर हमने 10वें नंबर से 5वे नंबर तक की छलांग लगाई है। ये इसलिए संभव हो पा रहा है, क्योंकि बीते 8 वर्षों में हमने देश की अर्थव्यवस्था की उन कमियों को दूर किया है, जो रुकावटें पैदा करती थीं।

  • ‘प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना’ के तहत देश के युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग देने का बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। इसके तहत अभी तक सवा करोड़ से अधिक युवाओं को स्किल इंडिया अभियान (Skill India Campaign) की मदद से ट्रेन किया जा चुका है।

  • गांवों में बड़ी संख्या में रोजगार निर्माण का एक और उदाहरण, हमारी खादी और ग्रामोद्योग है। देश में पहली बार खादी और ग्रामोद्योग, एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का हो चुका है।

  • इन वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग में एक करोड़ से अधिक रोजगार बने हैं। इसमें भी बड़ी संख्या में हमारी बहनों की हिस्सेदारी है।

  • स्टार्टअप इंडिया (Startup India) अभियान ने तो देश के युवाओं के सामर्थ्य को पूरी दुनिया में स्थापित कर दिया है।  साल 2014 तक जहां देश में कुछ सौ ही स्टार्टअप थे, आज ये संख्या 80 हजार से अधिक हो चुकी है।

  • भारत कई मायनों में आत्मनिर्भर बन रहा है। एक आयातक से भारत निर्यातक की भूमिका में आ रहा है।  अनेक सेक्टर में भारत ग्लोबल हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा हैं।

  • रोजगार के कई नए अवसर बन रहे हैं। आज गाड़ियों से लेकर मेट्रो कोच, ट्रेन के डिब्बे, डिफेंस के साजो-सामान तक अनेक सेक्टर में निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। ये तभी हो रहा है क्योंकि भारत में फैक्ट्रियां बढ़ रही हैं और साथ ही काम करने वालों की संख्या बढ़ रही है।

  • स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के लाखों अवसर बना रहे हैं। आधुनिक इंफ्रा के लिए, हो रहे ये सारे कार्य टूरिज्म सेक्टर को भी नई ऊर्जा दे रहे हैं। आस्था के, आध्यात्म के, ऐतिहासिक महत्व के स्थानों को भी देशभर में विकसित किया जा रहा है। ये सारे प्रयास रोजगार बना रहे हैं।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More