SP प्रमुख अखिलेश यादव ने शिवराज चौहान सरकार को लताड़ा, कहा मध्य प्रदेश में सुरक्षित नहीं है महिलायें

न्यूज डेस्क (विश्वरूप प्रियदर्शी): समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव (SP Supremo Akhilesh Yadav) ने मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की डबल इंजन सरकार को आड़े हाथों लिया। सपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा और प्रदेश में महिलाओं की स्थिति की आलोचना की। उन्होंने जातीय जनगणना को कांग्रेस के समर्थन को बड़ा बदलाव बताते हुए खुशी जाहिर की। सपा प्रमुख ने कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाओं का शोषण, लड़कियों के साथ अन्याय, जनजातियों और दलित महिलाओं के साथ भेदभाव भारी चिंता का सब़ब बन गया है।

उन्होंने ये भी कहा कि अगर सपा को मौका मिला तो वो मध्य प्रदेश में महिलाओं को 6,000 रुपये प्रति माह देगी। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि उनका अगला कदम लोगों को जाति जनगणना के बारे में समझाना होगा। उन्होंने जाति जनगणना के लिये कांग्रेस के समर्थन पर भी खुशी जतायी। इसी क्रम में उन्होनें आगे कहा कि- “मुझे खुशी है कि कांग्रेस (Congress) भी पीडीए की राह पर आयी और जाति जनगणना का समर्थन करना शुरू कर दिया, इससे बड़ी कामयाबी क्या हो सकती है।”

इससे पहले बुधवार को रीवा (Rewa) में एक रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने ऐलान किया था कि विधानसभा चुनाव में सपा महिलाओं को 20 फीसदी टिकट देगी। अखिलेख यादव आगे ने कहा कि, ”हम महिलाओं को बताना चाहते हैं कि अगर कोई महिला या संगठन की कोई भी महिला पदाधिकारी जिसने इलाके में काम किया है तो समाजवादी पार्टी 20 फीसदी महिलाओं को टिकट देकर उन्हें मौका देगी।”

अपनी बात आगे बढ़ाते हुए अखिलेख यादव ने कहा कि- “भाजपा महिला शक्ति वंदन महिला आरक्षण (Mahila Shakti Vandan Women Reservation) को बढ़ावा दे रही है। मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कितनी फीसदी महिलाओं को टिकट दिया गया। भाजपा मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में 33 प्रतिशत महिलाओं को टिकट क्यों नहीं दे रही है।?”

सपा नेता ने ये कहकर राज्य और राष्ट्रीय चुनावों के बीच अंतर करने की भी कोशिश की कि सपा मजबूती से INDIA गठबंधन के साथ है। यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि, ”मैं स्वीकार करता हूं कि हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, एसपी गठबंधन का हिस्सा है लेकिन राज्यों में एसपी की भी अपनी लड़ाई है।”

बता दे कि समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) प्रमुख ने पहले ही चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में अपना अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी पहले ही मध्य प्रदेश की छह सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More