MCD Election 2022: जेपी नड्डा के घर पर हुई दिल्ली बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक, एमसीडी चुनावों पर बनी रणनीति

न्यूज डेस्क (श्री हर्षिणी सिंधू): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज (9 नवंबर 2022) को आगामी दिल्ली नगर निगम चुनावों (MCD Election 2022) को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में अपने घर पर दिल्ली भाजपा कोर ग्रुप की बैठक की अध्यक्षता की। बता दे कि कोर ग्रुप के सदस्यों में भाजपा दिल्ली अध्यक्ष आदेश गुप्ता (BJP Delhi President Adesh Gupta), दिल्ली राज्य प्रभारी बैजंत जय पांडा, सह प्रभारी अलका गुजर, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक आशीष सूद, राज्य महासचिव (संगठन) सिद्धार्थन शामिल हैं।

सूत्र के मुताबिक बैठक एक घंटे चली, इस दौरान उम्मीदवारों की लिस्ट, दिल्ली के मौजूदा वायु प्रदूषण और लैंडफिल जैसे मुद्दों समेत चुनाव प्रचार के तरीके और माध्यम पर चर्चा हुई। दिल्ली भाजपा (Delhi BJP) जुड़े सूत्र ने ये भी बताया कि उम्मीदवारों की लिस्ट 12 और 13 नवंबर तक जारी कर दी जायेगी। साथ ही अगले हफ़्ते तक घोषणा पत्र जारी कर दिया जायेगा। एमसीडी चुनाव 4 दिसंबर को होंगे जबकि मतगणना 7 दिसंबर को होगी।

दिल्ली राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव (Delhi State Election Commissioner Vijay Dev) ने बीते शुक्रवार (4 नवंबर 2022) को मीडिया से कहा कि दिल्ली में चार नवंबर से आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) लागू हो गयी है। विजय देव ने कहा था कि, “चुनावों से जुड़ी अधिसूचना 7 नवंबर को जारी होगी और ये 14 नवंबर को समाप्त होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 19 नवंबर है। चुनाव के लिये मतदान 4 दिसंबर को होगा और नतीजे का ऐलान 7 दिसंबर को होगा।”

विजय देव ने कहा कि दिल्ली में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मतदान केंद्रों को फिर से तैयार किया गया है। अब हम दिल्ली में 250 वार्डों के चुनावों के लिये पूरी तरह तैयार हैं। दिल्ली नगर निगम के पास 68 निर्वाचन क्षेत्रों का अधिकार क्षेत्र है। 42 सीटें अनुसूचित जाति के लिये रिजर्व हैं।”

राज्य चुनाव आयोग ने अनुसूचित जाति की महिलाओं और सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिये भी आरक्षित सीटों की तादाद का भी ऐलान किया। इस मुद्दे पर विजय देव ने कहा कि, “एससी महिलाओं के लिये एससी कोटे की 42 सीटों में से 21 सीटें आरक्षित होंगी। 104 सीटें सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिये आरक्षित होंगी।”

दिल्ली नगर निगम के वार्डों के पुनर्निर्धारण के मामले में मंगलवार (8 नवंबर 2022) को गृह मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नगर निकाय चुनाव वार्डों की कुल तादाद 272 से घटाकर 250 कर दी गयी। केंद्र सरकार द्वारा एमसीडी वार्डों के ‘परिसीमन’ के बाद, एमसीडी में कुल वार्डों की संख्या 250 हो जाएगी, जिनमें से 42 को आरक्षित करने का निर्णय लिया गया है।

इससे पहले दिल्ली कांग्रेस (Delhi Congress) ने वार्डों को 272 से घटाकर 250 करने पर सवाल उठाया था। दिल्ली कांग्रेस ने भी इस मामले में दलित समुदाय (Dalit community) के प्रतिनिधित्व को कम करने की साजिश का आरोप लगाया, क्योंकि आरक्षित सीटों को 46 से घटाकर 42 कर दिया गया।

खासतौर से आम आदमी पार्टी (AAP- Aam Aadmi Party) ने चिंता जतायी कि वार्डों के परिसीमन में जनसंख्या को बराबर तरीके से नहीं बांटा गया।  इस मामले में आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी राज्य चुनाव अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज करायी थी। गौरतलब है कि परिसीमन का मसौदा 12 सितंबर को ही तैयार किया गया था और 3 अक्टूबर तक इसकी समीक्षा की गयी थी।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More