Russia Ukraine War: मास्को ने दी मंजूरी, अब इन यूक्रेनी इलाकों में मानवीय गलियारों के लिये होगा सीज़फायर

एजेंसियां/न्यूज डेस्क (शौर्य यादव): Russia Ukraine War: रूस के विदेश मंत्रालय ने अपने हालिया बयान में कहा कि मास्को ने आज (8 मार्च 2022) कीव, चेर्निहाइव, सुमी, खार्किव और मारियुपोल (Kharkiv and Mariupol) में मानवीय गलियारों की सुविधा मुहैया करवाने के लिये सुबह 10 बजे (मास्को समय) से यूक्रेन में चल रहे गोलीबारी के बीच संघर्ष विराम का ऐलान किया। बीते सोमवार (7 मार्च 2022) को बेलारूस (Belarus) में रूस और यूक्रेन के बीच तीसरे दौर की बातचीत के बाद ये अहम ऐलान सामने आया। साथ ही दोनों पक्षों के बीच शांति वार्ता एक बार फिर से धराशायी हो गयी।

बैठक में दोनों पक्षों ने नागरिकों को निकालने के मुद्दों पर खासा ध्यान दिया और यूक्रेनी पक्ष ने रूस को आश्वासन दिया कि मानवीय गलियारा मंगलवार से काम करना शुरू कर देगा। इस मामले पर रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर  कहा कि, “8 मार्च 2022 को सुबह 10:00 बजे (मास्को समय) से रूस युद्धविराम का ऐलान करता है और मानवीय गलियारे को बनाने में पूरा सहयोग किया जायेगा। कीव, चेर्निहाइव (Chernihiv), सुमी, खार्किव और मारियुपोल शहरों से नागरिकों को निकालने के लिये गोलीबारी पूरी तरह रोकी जायेगी”

बयान में आगे कहा गया कि, “यूक्रेनी पक्ष को 8 मार्च, 2022 को सुबह 03:00 बजे (मास्को समय) से पहले प्लान किये गये मानवीय गलियारों को लेकर प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी रूसी सेना को मुहैया करवायेगा। यूक्रेन और यूक्रेनी अधिकारियों नागरिकों को सुरक्षित निकाले जाने के लिये महफूज़ रास्तों की गारंटी देगा।

नागरिकों और विदेशी नागरिकों को निकालने और निकालने की तैयारी पर जानकारी के आपसी आदान-प्रदान के लिये रूसी और यूक्रेनी पक्षों के बीच सुबह 9:30 बजे (मास्को समय) से लगातार बातचीत करने की उम्मीद है। इस बीच यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा (Dimitro Kuleba) ने 10 मार्च को अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव (Sergei Lavrov) से मिलने की पुष्टि की है।

बता दे कि रूसी सेना ने 24 फरवरी को यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू किया, जिसके तीन दिन बाद मास्को ने यूक्रेन के डोनेट्स्क और लुहान्स्क (Donetsk and Luhansk) को आज़ाद मुल्क के तौर पर मंजूरी दी। साथ ही कई यूक्रेनी इलाकों पर रूसी सेना का कब़्जा हो गया। इसके बाद यूक्रेन के “डिमिलिट्रिलाइजेशन” और “डी-नाज़िफाई” करने के लिये “स्पेशल मिलिट्री ऑप्रेशन” को मास्को ने मंजूरी दी।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More