Lucknow Shootout: गोली मार कर पुलिस ने किया बदमाश को काबू, 15 लाख की लूट में था शामिल

न्यूज डेस्क (एकता सहगल): लखनऊ (Lucknow) के महानगर में स्मृति वाटिका के नजदीक उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुठभेड़ की कार्रवाई को अंजाम देते हुये दिल्ली पुलिस के इनामी बदमाश को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाश का नाम पिंटू उर्फ अनुज बताया जा रहा है। दिल्ली में पिंटू के खिलाफ पन्द्रह लाख रुपये की लूट का मामला दर्ज है। जिसे लेकर दिल्ली पुलिस काफी समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। खुफिया तंत्र की सूचना पर यूपी पुलिस ने लखनऊ में जवाबी कार्रवाई करते हुये पिंटू के पैरों में गोली मारकर उसे काबू में कर लिया। गिरफ्तारी के बाद हुई बरामदगी में उसके पास से जिंदा कारतूस, पिस्टल और बाइक मिली।

उत्तर प्रदेश पुलिस सूत्रों के मुताबिक पिंटू उर्फ अनुज बीते साल अगस्त महीने में दिल्ली के प्रीत विहार में हुई पन्द्रह लाख रुपये की लूट में शामिल था। दिल्ली पुलिस को छानबीन में पता लगा कि बदमाश पिंटू ने इस कार्रवाई को अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है। पिंटू लक्ष्मीनगर के ललित पार्क में रहता था। इस दौरान दिल्ली पुलिस को बदमाश के लखनऊ में मौजूद होने की जानकारी मिली। जिसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने जरूरी जानकारियां आपस में साझा की। उत्तर प्रदेश पुलिस ने पिंटू की धरपकड़ के लिए खास टीम का गठन किया।

इस बीच विशेष टीम को जानकारी मिली कि अनुज स्मृति वाटिका के पास से बाइक लेकर निकला है। जानकारी मिलते ही विशेष टीम दबिश देने के लिए मौके पर रवाना हो गयी। जब पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो वो बाइक लेकर भागने लगा। साथ ही उसने पुलिस पर भी फायरिंग शुरू कर दी। उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुये उसके पैरों में गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल होने पर उसे काबू में ले लिया गया। पूछताछ और तस्वीरों की बुनियाद पर उसकी शिनाख्त कर ली गयी। जानकारी में ये भी सामने आया कि पिंटू पर 26 अपराधिक मामले नामजद है, जिनमें वो फरार चल रहा था।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More