Corona Spread in Delhi: बेहद नाज़ुक हालातों पर पहुँची राजधानी दिल्ली, कुछ ही घंटों का बचा है ऑक्सीजन स्टॉक

न्यूज़ डेस्क (प्रियंवदा गोप): राजधानी दिल्ली में वायरस इंफेक्शन का फैलाव (Corona Spread in Delhi) अपने चरम पर है। जहां कोरोना इंफेक्शन में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। अब राजधानी के लोगों के सामने एक बड़ी समस्या आन खड़ी हुई है। दिल्ली के ज्यादातर अस्पतालों में सिर्फ एक से डेढ़ घंटे तक का ही ऑक्सीजन स्टॉक बचा हुआ है। तीस हजारी स्थित सेंट स्टीफन अस्पताल (St. Stephen’s Hospital, Tis Hazari) ने बताया कि उनके पास सिर्फ डेढ़ घंटे तक की ही ऑक्सीजन व्यवस्था है। सेंट स्टीफन अस्पताल में करीब 350 रोगी ऑक्सीजन सपोर्ट पर है। अगर जल्द ही ऑक्सीजन की सप्लाई जल्द बहाल नहीं की जाती है तो भर्ती मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

सेंट स्टीफन अस्पताल को ऑक्सीजन सप्लाई देने वाली कंपनी हरियाणा के फरीदाबाद की है। जो कि खब़र लिखे जाने तक ऑक्सीजन की सप्लाई अस्पताल को मुहैया नहीं करवा पायी है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक कंपनी ने सप्लाई देने के साफ इंकार कर दिया है। कंपनी ने तुरन्त सप्लाई देने में असमर्थता जतायी है। जबकि अस्पताल प्रशासन को तुरन्त ऑक्सीजन सप्लाई की दरकार है। जितनी देर में सप्लाई पहुँचेगी उतनी देर तक अस्पताल पर दबाव बना रहेगा।

दूसरी ओर दिल्ली के नामी-गिरामी गंगाराम अस्पताल में भी ऑक्सीजन के स्टॉक की भारी किल्लत है। अस्पताल के पास मात्र 5 घंटों के ऑक्सीजन स्टॉक के बैकअप बचा हुआ है। फिलहाल अस्पताल में कुल 68 मरीज भर्ती है। जिनमें से 10 को आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। करीब 35 मरीज एडमिट होने के लिये वेटिंग लिस्ट में है। अपोलो अस्पताल में फिलहाल 10 से 12 घंटे का ऑक्सीजन स्टॉक बैकअप (Oxygen stock backup) बना हुआ है। अस्पताल में फिलहाल तीन सौ से ज़्यादा कोरोना इंफेक्शन के मरीज भर्ती है। स्टॉक खत्म होने से पहले अगर उन्हें दूसरे स्टॉक की डिलीवरी वक़्त रहते ना मिली तो इन मरीजों की जान सांसत में पड़ सकती है।

बीते सोमवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दावा किया था कि, दिल्ली के मौजूदा हालातों को देखते हुए रोजाना 700 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की दरकार है। इसी बात के मद्देनज़र दिल्ली सरकार लगातार यूपी सरकार के सम्पर्क में है ताकि सप्लाई बढ़ाने में पड़ोसी राज्य से मदद मिल सके। उत्तर प्रदेश के मोदीनगर से राजधानी दिल्ली को अतिरिक्त ऑक्सीजन सप्लाई बहाल करने पर दोनों राज्य सरकारें बात कर रही है। गौरतलब है कि बीते सोमवार को दिल्ली को 240 मीट्रिक टन और मंगलवार के दिन 365 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति मिली थी।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More