Vidisha Tragedy: बच्ची को बचाने के दौरान कुएं में उतरे लोग, 4 मरे 13 लापता

न्यूज डेस्क (शौर्य यादव): मध्य प्रदेश के विदिशा में हुए एक दुखद हादसे (Vidisha Tragedy) के दौरान कुएं में गिरने से चार लोगों की मौत हो गयी। ये सभी कुएं में गिरी बच्ची को बचाने की कोशिश कर रहे थे। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर गंज बसौदा में हुआ।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक लड़की शाम करीब छह बजे कुएं में गिर गयी, जिसके बाद कुछ स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए नीचे उतरे जबकि अन्य उन लोगों मदद के लिए कुएं चारों ओर जगत की दीवार पर खड़े थे। दीवार एकाएक ढ़हती चली गयी, जिससे ऊपर खड़े कुछ लोग कुएं में गिर गये। दीवार का मलबा भी कुएं में गिर पड़ा जिसमें कई लोगों के फंसे होने की संभावना है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुआं लगभग 50 फीट गहरा है और पानी का स्तर लगभग 20 फीट है। एनडीआरएफ और पुलिस की टीम बचाव कार्य (Rescue Operation) में जुटी है। फिलहाल 15 लोगों को बचा लिया गया है। इस दुखद घटना में कम से कम 13 अन्य लोग अब भी लापता हैं।

इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना में लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त करते हुए ट्विटकर लिखा कि- मैं दुर्घटना में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देता हूं। बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने बताया, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भोपाल से घटना स्थल के लिए रवाना हो गयी हैं। जिला कलेक्टर और एसपी मौके पर हैं। मंत्री विश्वास सारंग को वहां पहुंचने का निर्देश दिया है।

विदिशा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनायक वर्मा ने मीडिया को बताया कि, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव अभियान जारी है। मौके पर सभी संसाधनों को पहुँचाया गया है साथ ही प्रशासनिक महकमें (Administrative Departments) के कई आला अधिकारी मौके पर डटे हुए है।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More