UP Election: चित्रकूट के कामतानाथ मंदिर में दर्शन कर प्रियंका गांधी ने शुरू की “लड़की हूं लड़ सकती हूं” की मुहिम

न्यूज डेस्क (देवागंना प्रजापति): UP Election: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीते बुधवार (17 नवंबर 2021) को कामतानाथ मंदिर (Kamtanath temple) का दौरा किया और चित्रकूट में कामदगिरी पर्वत (Kamadgiri Parvat in Chitrakoot) के चारों ओर नंगे पैर परिक्रमा की। प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में महिला मतदाताओं के लिये आउटरीच कार्यक्रम “आधी आबादी” के लिये पार्टी की 100 दिनों की कार्य योजना का शुभारंभ करने के लिए बुधवार को चित्रकूट के राम घाट पहुंचीं थी।

उन्होनें अपने तयशुदा कार्यक्रम से पहले कामतानाथ मंदिर के दर्शन किये। इसके बाद उन्होंने कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा की। माना जाता है कि कामदगिरी इस इलाके का प्रमुख तीर्थ स्थल है। यहां वनवास के दौरान भगवान राम, देवी सीता और लक्ष्मण का निवास किया था।

इसके बाद प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने राम घाट पर महिलाओं के सम्मेलन को संबोधित किया। कांग्रेस महासचिव उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट दिये जाने का ऐलान कर बड़ा दांव लगा चुकी हैं। कांग्रेस नेता ने महिला मतदाताओं को लुभाने के लिये बड़े-बड़े वादे भी किये। जिसके लिए अलग से घोषणा पत्र (Manifesto) तैयार किया गया है।

इस मिशन को धार देने के लिये उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अगले 100 दिनों के लिये कार्ययोजना तैयार की है। राज्य में करीब 7 करोड़ महिला मतदाता हैं और प्रियंका गांधी का मतदाताओं के इस अहम हिस्से पर पूरा भरोसा है। इसके तहत कांग्रेस अगले 100 दिनों में चार करोड़ महिला मतदाताओं तक पहुंचने के लिये एक बड़ा जनसंपर्क अभियान (Public Relations Campaign) भी शुरू करने जा रही है। इस कार्य के लिये लगभग 8,000 महिला स्वयंसेवकों (Congress Mahila Volunteers) की एक ब्रिगेड "लड़की हूं लड़ सकती हूं" के नारे के साथ मैदान में उतरेगी।

कांग्रेस को लगता है कि अगर महिला कार्ड पर उसका दांव कामयाब होता है तो पिछले वोट प्रतिशत के मुकाबले इस बार काफी सुधार किया जा सकता है। इसी उम्मीद के साथ पार्टी ने आधी आबादी को ध्यान में रखते हुए इस व्यापक जनसंपर्क अभियान का ड्राफ्ट तैयार किया है। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि चुनाव की सियासी सरगर्मी में कांग्रेस कुछ और बड़े ऐलान कर सकती है।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More