RIP Milkha Singh: थमी ज़िन्दगी की दौड़ मिल्खा सिंह ने दुनिया को कहा अलविदा, जानिये उनकी शानदार अचीवमेंट्स के बारे में

न्यूज डेस्क (शौर्य यादव): ‘द फ्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह (Milkha Singh) की ज़िन्दगी की दौड़ बीते शुक्रवार (19 जून 2021) को थम गयी। वो 91 साल के थे। चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर) के बयान में कहा गया कि, एथलीट मिल्खा सिंह यानि कि द फ्लाइंग सिख का शुक्रवार रात 11.30 बजे स्थानीय अस्पताल में निधन हो गया। उनका कोविड से जुड़ी जटिलताओं का इलाज चल रहा है। उनके परिवार में गोल्फर बेटा जीव मिल्खा सिंह और तीन बेटियां हैं।

ट्रैक और फील्ड स्पोर्ट्स (Track And Field Sports) में निस्संदेह तौर पर वो महान स्प्रिंटर्स में से एक थे, जिन्होंने कई मौकों पर भारत के लिये कई पुरस्कार जीते। मिल्खा सिंह का सफर मुश्किलों से भरा रहा और जो कि सुनने में वीर गाथा से कम नहीं है। मिल्खा सिंह का जन्म 1929 में हुआ था और भारत विभाजन के दौरान वो अनाथ हो गये थे।

मिल्खा सिंह को कम उम्र में बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ा क्योंकि उनके माता-पिता, दो बहनें और एक भाई विभाजन के दौरान मारे गये थे। विभाजन के परिणामस्वरूप भारत आने के बाद मिल्खा सिंह भारतीय सेना (Indian Army) में शामिल हो गये और इसके बाद उनका जीवन हमेशा के लिये बदल गया।

Milkha Singh के करियर के मील के पत्थर

  • 1958 एशियाई खेल - मिल्खा सिंह ने 1958 टोक्यो एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया जहाँ उन्होंने 200 मीटर और 400 मीटर ट्रैक रेस में भाग लिया। मिल्खा सिंह ने इवेंट्स में गोल्ड जीता और नये रिकॉर्ड बनाये।
  • 1958 राष्ट्रमंडल खेल - मिल्खा सिंह ने 400 मीटर में भाग लिया और 46.6 सेकंड में दौड़ पूरी करके एक नया रिकॉर्ड बनाया। मिल्खा सिंह राष्ट्रमंडल खेलों में देश की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बने।
  • द फ्लाइंग सिख' - 1960 में मिल्खा सिंह ने पाकिस्तान के अब्दुल खालिक को हराया और तत्कालीन जनरल अयूब खान ने उन्हें 'द फ्लाइंग सिख' नाम दिया। मिल्खा ने ये रेस महज 45.8 सेकेंड में पूरी की।

  • 1962 एशियाई खेल - 1962 के जकार्ता एशियाई खेलों में मिल्खा ने शानदार प्रदर्शन किया और 'द फ्लाइंग सिख' ने 400 मीटर और 4 x 400 रिले में भी स्वर्ण पदक जीता।
  • मिल्खा सिंह 1964 में सेवानिवृत्त हुए लेकिन उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में भाग लिया और 1964 से पहले कुछ स्वर्ण और रजत पदक जीते। मिल्खा सिंह को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए 1959 में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शाहरुख खान, अक्षय कुमार, प्रियंका चोपड़ा जोनास समेत कई बॉलीवुड हस्तियों ने मिल्खा सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही राजनीतिक और खेलकूद जगत के कई दिग्गज़ लोगों ने शोक ज़ाहिर करते हुए मिल्खा सिंह को भावभीनी विदाई दी।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More