Punjab Election 2022: चुनाव आयोग ने बदली पंजाब चुनावों की तारीखें, जाने नया इलेक्शन शेड्यूल

न्यूज डेस्क (प्रभास सोबती): पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 (Punjab Election) की तारीखों को आगे बढ़ाने के अनुरोधों के बीच चुनाव आयोग ने इस मामले में अहम ऐलान किया। चुनाव आयोग (Election commission) ने हाल ही में ऐलान किया है कि पंजाब चुनाव 2022 को छह दिनों के लिये टाल दिया गया है। इलेक्शन कमीशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 अब 20 फरवरी से होंगे। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदान 14 फरवरी को एक ही चरण में होने वाले थे।

चुनाव आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया कि, “मौजूदा सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद चुनाव आयोग ने 8 जनवरी 2022 को पंजाब राज्य की विधानसभा के लिये 2022 के आम चुनावों की घोषणा की, जिसके तहत चुनाव के लिये अधिसूचना 21 जनवरी 2022 को जारी की जानी है। और मतदान 14 फरवरी 2022 को होना है।”

चुनाव आयोग ने आगे कि 16 फरवरी को पड़ने वाली गुरु रविदास जयंती के मद्देनजर राजनीतिक दलों द्वारा किये गये अनुरोधों के मद्देनजर पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 अब 20 फरवरी, 2022 से आयोजित किये जायेगें।

चुनाव आयोग ने पंजाब विधान सभा के आम चुनावों के संशोधित कार्यक्रम का भी जिक्र किया है, जो इस तरह से है-

  • अधिसूचना की तिथि: 25 जनवरी 2022 (मंगलवार)
  • नामांकन की अंतिम तिथि: 1 फरवरी 2022 (मंगलवार)
  • स्क्रूटनी की तिथि: 2 फरवरी 2022 (बुधवार)
  • निकासी की तिथि: 4 फरवरी 2022 (शुक्रवार)
  • मतदान की तिथि: 20 फरवरी 2022 (रविवार)

चुनाव आयोग ने आगे कहा कि- “आयोग को राज्य सरकार, राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों से कई रिप्रजेंटेशन (Representation) हासिल हुए हैं, जिसमें श्री गुरु रविदास जी जयंती (Sri Guru Ravidas Ji Jayanti) समारोह में हिस्सा लेने के लिये पंजाब से वाराणसी में बड़ी तादाद में भक्तों की आवाजाही के संबंध में ध्यान आकर्षित किया गया है। जो 16 फरवरी 2022 को मनाया जाता है।”

चुनाव आयोग ने आगे उल्लेख किया कि गुरु रविदास जयंती के मौके पर बहुत सारे भक्त उत्तर प्रदेश की यात्रा करेंगे। ऐसे में पूर्वनिर्धारित 14 फरवरी की मतदान तिथि (Polling Date) वाले दिन मतदान के लिये कम लोग ही पोलिंग बूथ (Polling Booth) तक पहुँच पायेगें। इन्हीं बातों के मद्देनज़र आयोग ने पंजाब में मतदान की तारीख को छह दिनों तक आगे बढ़ाने का फैसला किया।

पंजाब में चुनाव लड़ने वाले लगभग सभी राजनीतिक दलों- कांग्रेस, पंजाब लोक कांग्रेस, बीजेपी, बसपा और शिअद (संयुक्त) ने चुनाव आयोग से पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 को स्थगित करने का आग्रह किया था। पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी (CM Charanjit Singh Channi) ने भी इस संबंध में चुनाव आयोग को एक खत लिखा था। पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 अब 20 फरवरी को होंगे और वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

Leave a comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More